Chandigarh News: केंद्र ने सुलझाया हरियाणा-पंजाब जल विवाद, 8 दिन तक मिलेगा अतिरिक्त पानी

भाखड़ा जल विवाद पर केंद्र की पहल, हरियाणा को राहत, पंजाब ने जताई आपत्ति;

Update: 2025-05-03 07:55 GMT

Chandigarh News: दिल्ली में केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में भाखड़ा जल विवाद को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। केंद्र सरकार ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) को निर्देश दिया है कि वह हरियाणा को अगले आठ दिनों तक प्रतिदिन 4500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी मुहैया कराए। यह फैसला हरियाणा में जारी जल संकट और कपास की बुवाई की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। वहीं, पंजाब ने इस निर्णय पर असहमति जताते हुए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया है।

दिल्ली में हुई अहम बैठक, BBMB को मिला निर्देश

भाखड़ा जल विवाद को सुलझाने के लिए दिल्ली में आयोजित बैठक में केंद्र सरकार ने मध्यस्थता करते हुए हरियाणा के पक्ष में फैसला सुनाया। केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में BBMB को निर्देश दिया गया कि हरियाणा को आठ दिन तक 4500 क्यूसेक अतिरिक्त पानी दिया जाए। इस आपूर्ति में से एक हिस्सा राजस्थान को भी मिलेगा।

Chandigarh News: पंजाब को भी मिलेगा आवश्यकता अनुसार पानी

BBMB ने आश्वासन दिया है कि जरूरत पड़ने पर पंजाब को भी अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इस फैसले के लिए BBMB शनिवार को बोर्ड बैठक करेगा और योजना को अंतिम रूप देगा।

हरियाणा ने कोर्ट का रुख करने की दी चेतावनी

हरियाणा सरकार ने पानी की मांग को लेकर सख्त रुख अपनाया है। सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने जानकारी दी कि यदि पानी नहीं मिला तो सरकार सुप्रीम कोर्ट जाएगी। सभी जरूरी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं।

Chandigarh News: दोनों राज्यों ने बुलाई सर्वदलीय बैठकें

हरियाणा ने शनिवार दोपहर दो बजे हरियाणा निवास में सर्वदलीय बैठक बुलाई है, जिसमें प्रमुख दलों के प्रदेश अध्यक्ष आमंत्रित हैं। वहीं, पंजाब सरकार ने भी इस मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक कर मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्णय का समर्थन किया।

कपास की बुवाई और पेयजल संकट को बताया आधार

बैठक में हरियाणा के अधिकारियों ने 8500 क्यूसेक पानी की मांग दोहराई। उनका तर्क था कि राज्य में इस समय पीने के पानी की किल्लत है और कपास की बुवाई का समय चल रहा है। इस दौरान केंद्र ने नंगल बांध पर पंजाब द्वारा लगाए गए ताले और पुलिस की तैनाती पर आपत्ति जताई और तत्काल सुरक्षा हटाने को कहा।

Chandigarh News: पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र 5 मई को

पंजाब सरकार ने BBMB से जुड़े नियमों और समझौतों में बदलाव पर विचार करने के लिए 5 मई को विशेष सत्र बुलाया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद यह सत्र आयोजित होगा, जिसमें सभी दलों को अपनी बात रखने का पूरा अवसर दिया जाएगा।

हरियाणा का भरोसा: जरूरत पड़ी तो देंगे पंजाब को पानी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यदि पंजाब को पीने के पानी की आवश्यकता पड़ी तो हरियाणा अपने संसाधनों से मदद करेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा केवल अपने हिस्से का पानी मांग रहा है, जो पहले से तय है और सुप्रीम कोर्ट ने भी इसे हरियाणा का अधिकार माना है।

Chandigarh News: पंजाब का आरोप: BBMB ने जबरन छीना पानी

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने BBMB के फैसले की आलोचना की। उन्होंने कहा कि उन्होंने इंसानियत के नाते हरियाणा को 4000 क्यूसेक पानी दिया था, लेकिन 8500 क्यूसेक की मांग न्यायोचित नहीं थी। उन्होंने केंद्र पर भी पंजाब के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया।

Tags:    

Similar News