Chandigarh News: 33 साल में 57 तबादले: आज रिटायर होंगे आईएएस अशोक खेमका
बेबाक फैसलों और लगातार तबादलों के लिए चर्चित अफसर अशोक खेमका का प्रशासनिक सफर आज होगा समाप्त;
Chandigarh News: हरियाणा के चर्चित आईएएस अफसर अशोक खेमका का नाम उनकी ईमानदारी, बेखौफ रवैये और बार-बार होने वाले तबादलों के लिए जाना जाता है। 33 वर्षों की सेवा में 57 बार तबादला झेल चुके खेमका आज सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने वाड्रा-डीएलएफ जमीन सौदे के म्यूटेशन को रद्द कर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई थी।
33 वर्षों में 57 तबादले झेलने वाले अफसर का आज अंतिम दिन
हरियाणा के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अशोक खेमका का प्रशासनिक सफर आज समाप्त हो रहा है। 1991 बैच के इस अधिकारी को अपने ईमानदार और सख्त फैसलों के लिए पहचाना जाता है। पूरे करियर में औसतन हर छह महीने में उन्हें एक नए विभाग में भेजा गया। फिलहाल वह परिवहन विभाग में अतिरिक्त मुख्य सचिव (ACS) पद पर कार्यरत थे।
Chandigarh News: वाड्रा-डीएलएफ जमीन सौदे का किया था पर्दाफाश
2012 में खेमका ने उस समय सुर्खियां बटोरीं जब उन्होंने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी के दामाद रॉबर्ट वाड्रा और डीएलएफ के बीच हुए गुरुग्राम जमीन सौदे के म्यूटेशन को रद्द कर दिया था। यह मामला तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार में सामने आया था, जिससे खेमका राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में आए।
हर छह महीने में एक नया विभाग
खेमका के पूरे करियर को देखें तो हर छह महीने में उनका तबादला कर दिया गया। यह देश के किसी भी अफसर के लिए असामान्य आंकड़ा है। बावजूद इसके, उन्होंने हर विभाग में पारदर्शिता और जनहित के लिए काम किया।
Chandigarh News: मुख्यमंत्री को लिखी थी चिट्ठी
2023 में खेमका ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को पत्र लिखते हुए सतर्कता विभाग में नियुक्ति की इच्छा जताई थी। उन्होंने लिखा था कि वह सेवा के अंत में भ्रष्टाचार के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई लड़ना चाहते हैं और कोई भी प्रभावशाली व्यक्ति इस मुहिम से नहीं बचेगा।
संजीव वर्मा के साथ टकराव
अप्रैल 2022 में हरियाणा राज्य भंडारण निगम (HSWC) के एमडी रहे संजीव वर्मा ने खेमका के खिलाफ एक दशक पुराने भर्ती मामले में शिकायत की थी। मामला पुलिस तक जाने से पहले ही खेमका ने वर्मा और अन्य पर उनके खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया।
Chandigarh News: पहलवानों और बृजभूषण विवाद में दी प्रतिक्रिया
जनवरी 2023 में जब हरियाणा के पहलवानों ने पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ मोर्चा खोला था, तब खेमका ने सोशल मीडिया पर पहलवानों का समर्थन किया। उन्होंने बृजभूषण की गिरफ्तारी और इस्तीफे की मांग की थी और पहलवानों को 'सच्चा नायक' बताया था।
अब नहीं होगा तबादला, हो रहे हैं रिटायर
हरियाणा की नौकरशाही में लंबे समय तक सक्रिय रहने के बाद अब अशोक खेमका सेवानिवृत्त हो रहे हैं। बार-बार तबादलों और निडर फैसलों की वजह से वह आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल बन गए हैं।