Russia Ukraine News: ट्रंप का पुतिन पर हमला: यूक्रेन पर सबसे बड़ा हमला बना वजह

रूस के भीषण अटैक पर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़के, बोले – पुतिन अब बहुत लोगों को मार रहे हैं;

Update: 2025-05-26 06:32 GMT

Russia Ukraine News: रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच रूस ने यूक्रेन पर अब तक का सबसे बड़ा हवाई हमला किया है। 367 से अधिक मिसाइल और ड्रोन दागे गए। हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत और कई शहरों को भारी नुकसान पहुंचा। इस पर अमेरिका के  राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन की आलोचना करते हुए कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि पुतिन को क्या हो गया है। ट्रंप ने चेताया कि अगर रूस ने यूक्रेन पर पूरी तरह कब्जा करने की कोशिश की तो यह उसके पतन की शुरुआत होगी।

रूस ने किया अब तक का सबसे भयानक हमला

शनिवार रात से रविवार सुबह तक रूस ने यूक्रेन पर 367 मिसाइल और ड्रोन बरसाए। कीव सहित कई शहरों में विस्फोट हुए। यूक्रेनी वायु सेना के मुताबिक, उन्होंने 266 ड्रोन और 45 मिसाइलों को मार गिराया, फिर भी कई शहरों में भारी तबाही हुई। इस हमले में 12 लोगों की मौत और कई घायल हुए हैं।

Russia Ukraine News: ट्रंप ने पुतिन पर पहली बार खुलेआम जताई नाराजगी

न्यू जर्सी के मोरिस्टाउन एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वो व्लादिमीर पुतिन से अब सहमत नहीं हैं। उन्होंने कहा, "मैं पुतिन से खुश नहीं हूं। पता नहीं उन्हें क्या हो गया है। वो अब मासूम लोगों को मार रहे हैं, शहरों पर रॉकेट चला रहे हैं।"

'शांति वार्ता के दौरान हमला गलत' – ट्रंप

ट्रंप ने यह भी बताया कि जब रूस-यूक्रेन के बीच शांति वार्ता के प्रयास हो रहे थे, तभी रूस ने हमला कर दिया। उन्होंने कहा, "हम बातचीत के प्रयास कर रहे हैं और उसी समय रूस ने हमले शुरू कर दिए। ये सरासर गलत है। पुतिन को कुछ हो गया है।"

Russia Ukraine News: यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने भी जताई चिंता

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने अमेरिका की प्रतिक्रिया को लेकर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा, "दुनिया चाहे छुट्टी पर जाए, लेकिन युद्ध नहीं रुकता। अमेरिका की चुप्पी पुतिन को बढ़ावा दे रही है।"

ट्रंप ने पुतिन और जेलेंस्की दोनों से की थी बातचीत

ट्रंप ने बताया कि हाल ही में उन्होंने पुतिन से दो घंटे लंबी फोन पर बातचीत की थी और जेलेंस्की से भी संपर्क किया था। मकसद था – दोनों देशों को तुर्की में प्रस्तावित शांति वार्ता के लिए राज़ी करना। लेकिन तय समय पर पुतिन बातचीत के लिए नहीं आए। ट्रंप ने इसे "शांति की उम्मीदों को बड़ा झटका" बताया।

Tags:    

Similar News