Kangra News: कांगड़ा में फर्जी दस्तावेजों से 15 साल नौकरी करने वाली शिक्षिका बर्खास्त
शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, जांच में दोषी पाए जाने पर महिला शिक्षिका की सेवा समाप्त;
Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक महिला शिक्षिका ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे 15 वर्षों तक सरकारी नौकरी की। जांच में दोषी पाए जाने पर शिक्षा विभाग ने उसे सेवा से बर्खास्त कर दिया। मामला तब सामने आया जब उसके ही परिवार के सदस्य ने सतर्कता विभाग में शिकायत दी थी।
शिक्षिका ने 15 साल तक फर्जी दस्तावेजों के आधार पर निभाई नौकरी
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक महिला शिक्षिका ने फर्जी प्रमाण पत्रों के सहारे वर्ष 2006 में प्रारंभिक शिक्षा विभाग में नौकरी हासिल की थी। यह भर्ती एक विशेष योजना के अंतर्गत हुई थी। वर्ष 2020 में जब योजना के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों को नियमित किया जा रहा था, तब महिला के दस्तावेजों पर सवाल उठे।
Kangra News: परिजनों की शिकायत के बाद खुला फर्जीवाड़ा
मामले की गंभीरता तब बढ़ गई जब महिला के ही एक परिजन ने राज्य सतर्कता और भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो तथा शिक्षा विभाग को शिकायत भेजी। इसके बाद जांच शुरू की गई और महिला पर दबाव बढ़ने लगा। जांच के दौरान वर्ष 2021 में शिक्षिका ने नौकरी से त्यागपत्र दे दिया, लेकिन विभागीय जांच जारी रही।
विभागीय जांच में दोषी पाई गई शिक्षिका, सेवा समाप्त
लंबी जांच प्रक्रिया के बाद 20 मई को रिपोर्ट पूरी हुई। महिला ने जांच के दौरान अपना दोष स्वीकार किया। प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक ने पुष्टि की कि शिक्षिका ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी हासिल की थी और अब उसे बर्खास्त कर दिया गया है।