India Iran Diplomatic Tension: ईरानी विदेश मंत्री पर टिप्पणी से विवाद, भारत ने दी सफाई
गौरव आर्या की टिप्पणी से ईरान नाखुश, भारत ने बताया- यह निजी विचार हैं;
India Iran Diplomatic Tension: पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर गौरव आर्या की एक टीवी डिबेट में की गई विवादित टिप्पणी के कारण भारत और ईरान के बीच कूटनीतिक तनाव की स्थिति बन गई। ईरान ने आधिकारिक तौर पर नाराजगी जाहिर की, जिसके बाद भारत सरकार को स्थिति स्पष्ट करते हुए अपना पक्ष रखना पड़ा।
ईरानी विदेश मंत्री की यात्रा पर की गई टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद
पूर्व आर्मी अफसर मेजर गौरव आर्या द्वारा ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अरागची की पाकिस्तान यात्रा पर की गई आलोचना सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। अरागची ने 7 मई को भारत आने से पहले पाकिस्तान का दौरा किया था और इसके बाद भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर से भेंट की थी। गौरव आर्या ने इसी पाकिस्तान यात्रा को लेकर टीवी बहस में टिप्पणी की थी, जिसे ईरान ने असम्मानजनक बताया।
India Iran Diplomatic Tension: ईरान दूतावास ने सोशल मीडिया पर जताई आपत्ति
भारत में मौजूद ईरानी दूतावास ने शनिवार को एक सोशल मीडिया पोस्ट साझा कर गौरव आर्या के बयान पर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने वीडियो क्लिप शेयर करते हुए लिखा कि "ईरानी परंपरा मेहमानों के सम्मान की रही है और हम मेहमानों को ईश्वर का स्वरूप मानते हैं।"
भारत ने बयान से खुद को किया अलग, दी सफाई
ईरान के विरोध के तुरंत बाद तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने आधिकारिक बयान जारी किया। दूतावास ने स्पष्ट किया कि गौरव आर्या एक निजी नागरिक हैं और उनके विचार भारत सरकार की आधिकारिक नीति को नहीं दर्शाते। साथ ही यह भी कहा गया कि वीडियो में जो भाषा इस्तेमाल की गई है, भारत उसे अनुचित और अपमानजनक मानता है।
India Iran Diplomatic Tension: तनाव कम करने के उद्देश्य से था अरागची का दौरा
अरागची की यह भारत यात्रा बतौर विदेश मंत्री उनकी पहली यात्रा थी। माना जा रहा है कि उनका यह दौरा भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को कम करने की पहल का हिस्सा था। गौरतलब है कि पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक तनाव चरम पर था। ईरान और सऊदी अरब जैसे देशों ने इस मामले में मध्यस्थता की पेशकश की थी। इसी विषय पर एक टीवी डिबेट में गौरव आर्या की टिप्पणी विवाद का कारण बनी।