Indo-Pak Tension: सीमावर्ती जिलों में पंजाब सरकार की सख़्ती
घायल परिवार से मिले मंत्री चीमा, सेना के लिए रक्तदान शिविर, कटरा-जम्मू की 37 ट्रेनें रद्द;
Indo-Pak Tension: भारत-पाक तनाव के बीच पंजाब सरकार एक्शन में आ गई है। सीमावर्ती जिलों में इमरजेंसी सेवाओं का निरीक्षण किया जा रहा है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने ड्रोन हमले में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। चंडीगढ़ PGI में सेना के लिए रक्तदान शिविर लगाया गया है। साथ ही राज्य में ट्रेन सेवाओं पर भी असर पड़ा है।
10 मंत्री पहुंचे बॉर्डर इलाके, लिया ज़मीनी हालात का जायज़ा
भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव को लेकर पंजाब सरकार ने सीमावर्ती जिलों में हालात पर पैनी नज़र रखी हुई है। इसी क्रम में राज्य के करीब 10 मंत्री लगातार दूसरे दिन अमृतसर, पठानकोट, फिरोजपुर, फाजिल्का और तरनतारन जैसे जिलों का दौरा कर रहे हैं। इन मंत्रियों ने स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर इमरजेंसी व्यवस्थाओं और आम लोगों के लिए तैयार की गई सेवाओं का निरीक्षण किया।
Indo-Pak Tension: फिरोजपुर के घायलों से मिले मंत्री हरपाल सिंह चीमा
ड्रोन हमले में घायल हुए फिरोजपुर के एक ही परिवार के तीन सदस्यों से शनिवार को पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने मुलाकात की। ये सभी पीड़ित DMC अस्पताल में भर्ती हैं। चीमा ने पीड़ितों का हालचाल जाना और सरकारी सहायता का भरोसा दिया।
PGI चंडीगढ़ में जवानों के लिए रक्तदान शिविर शुरू
सेना के जवानों की ज़रूरतों को देखते हुए चंडीगढ़ स्थित PGI में विशेष रक्तदान कैंप लगाया गया है। इस शिविर का उद्देश्य है, युद्ध जैसे हालात में सैनिकों के लिए इमरजेंसी ब्लड सप्लाई सुनिश्चित करना।
Indo-Pak Tension: फरिश्ते योजना के तहत होगा घायलों का इलाज
फिरोजपुर हमले में घायल लोगों का इलाज पंजाब सरकार की "फरिश्ते योजना" के अंतर्गत किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि अब युद्ध या आतंकी हमलों में घायल नागरिकों का खर्च सरकार उठाएगी।
गुरुद्वारा से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के स्वरूप किए गए स्थानांतरित
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए हवेलियां गांव के सिंह सभा गुरुद्वारा से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूपों को सुरक्षा कारणों से अमृतसर स्थित गुरुद्वारा रामसर साहिब पहुंचाया गया है।
Indo-Pak Tension: सीएम मान की सेना से बातचीत, लोगों को दी अहम सलाह
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि सेना ने पंजाब के कई हिस्सों में गिरे ड्रोन और मिसाइलों को सफलतापूर्वक निष्क्रिय किया है। उन्होंने कहा कि इनमें से कई में विस्फोटक सामग्री भी थी। उन्होंने लोगों से अपील की कि विस्फोटक के टुकड़ों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
सर्वदलीय बैठक और धार्मिक नेताओं के साथ चर्चा
मुख्यमंत्री भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शाम 5 बजे राजभवन, चंडीगढ़ में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बैठक से पहले धार्मिक नेताओं के साथ भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
Indo-Pak Tension: रेल सेवाओं पर असर, कई ट्रेनें रद्द
बढ़ते खतरे को देखते हुए लुधियाना में रेड अलर्ट जारी किया गया है। कटरा और जम्मू जाने वाली 37 ट्रेनें रद्द कर दी गई हैं। इसके साथ ही 12 ट्रेनों को पठानकोट से वापिस भेजने का आदेश भी जारी हुआ है।
एक्साइज एंड टैक्सेशन अधिकारियों की छुट्टियां रद्द
सरकार ने राज्य के एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के सभी अधिकारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी हैं और निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी अवकाश न लिया जाए।
Indo-Pak Tension: होशियारपुर में मिला संदिग्ध ड्रोन, जांच में जुटी एजेंसियां
होशियारपुर के टांडा रोड पर सीकरी गांव के पास एक ड्रोन के टुकड़े मिले हैं। गांव के युवाओं ने खेतों में विस्फोट जैसी स्थिति देखी और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे सुरक्षाबलों ने ड्रोन को डिफ्यूज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और गांव वालों को सावधानी बरतने को कहा है।