Chandigarh News: चंडीगढ़ में बब्बर खालसा का आतंकी सरेंडर
चंडीगढ़ पुलिस ने आतंकी हरवंत सिंह उर्फ हैरी को दड़वा इलाके से दबोचा, सरेंडर के बाद पिस्टल और कारतूस बरामद;
Chandigarh News: चंडीगढ़ पुलिस ने बब्बर खालसा इंटरनेशनल से जुड़े आतंकी हरवंत सिंह उर्फ हैरी को दड़वा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चलाए विशेष ऑपरेशन के दौरान उसे सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया। उसके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद हुए हैं। वह पंजाब में कई संगीन वारदातों में शामिल रहा है।
पुलिस ने आतंकी हैरी को किया गिरफ्तार
बब्बर खालसा इंटरनेशनल आतंकी संगठन से जुड़े हरवंत सिंह उर्फ हैरी को चंडीगढ़ पुलिस ने सोमवार को दड़वा इलाके से धर दबोचा। हैरी लंबे समय से पुलिस की रडार पर था और पंजाब में हुई कई वारदातों में उसकी संलिप्तता सामने आई है।
Chandigarh News: साथियों से पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पिछले हफ्ते पुलिस ने हैप्पी पासियां गैंग से जुड़े दो आरोपियों—जोबनजीत सिंह उर्फ बिल्ला और सुमनदीप सिंह उर्फ सिम्मा—को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान जोबनजीत ने पुलिस को हैरी के बारे में अहम जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की।
ऑपरेशन देखकर हैरी ने कर दिया आत्मसमर्पण
क्राइम ब्रांच ने इनपुट के आधार पर दड़वा इलाके में विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया। जैसे ही हैरी ने भारी पुलिस फोर्स को देखा, उसने मौके पर ही सरेंडर कर दिया। इसके बाद उसे हिरासत में ले लिया गया।
Chandigarh News: हथियार बरामद, आतंक फैलाने की थी तैयारी
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने हैरी से एक पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह पंजाब में सक्रिय था और मन्नू अगवां तथा हैप्पी पासियां जैसे आतंकियों के लिए काम करता था। चंडीगढ़ में वह किसी बड़ी वारदात की फिराक में था, जिसे पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया।
आरडीएक्स और हथियार पहले भी बरामद
जोबनजीत और सुमनदीप की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में आरडीएक्स और हथियार भी बरामद किए थे, जिसे बाद में सेक्टर-39 के जंगल में नष्ट किया गया था।
Chandigarh News: आतंकी नेटवर्क में थी हैरी की अहम भूमिका
एसपी इंटेलिजेंस मंजीत श्यौराण ने जानकारी दी कि हैरी हमलावरों को हथियार पहुंचाने का काम करता था। इसके बदले वह हैप्पी पासियां और उसके साथियों से बड़ी रकम वसूलता था। यह पूरा नेटवर्क पाकिस्तान में मौजूद आतंकी हरिंदर सिंह रिंदा के लिए काम करता है।