Punjab Election 2027: सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह 2027 में लड़ेंगे चुनाव

मानसा सीट से चुनाव लड़ेंगे बलकौर सिंह, बेटे की विरासत और न्याय की लड़ाई को बनाएंगे मकसद;

Update: 2025-05-28 06:43 GMT

Punjab Election 2027: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में उतरने का ऐलान किया है। वे मानसा सीट से चुनाव लड़ेंगे, हालांकि उन्होंने अभी तक पार्टी की घोषणा नहीं की है। अपने बेटे की विरासत को आगे बढ़ाने और न्याय की मांग को लेकर उन्होंने यह फैसला लिया है।

राजनीति में कदम रखने का एलान

प्रसिद्ध पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने सार्वजनिक रूप से घोषणा की है कि वे आगामी 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में मानसा सीट से चुनाव लड़ेंगे। यह जानकारी उन्होंने एक निजी समाचार चैनल को दिए इंटरव्यू में दी।

Punjab Election 2027: बेटे की विरासत को बनाए रखने की मंशा

बलकौर सिंह ने साफ कहा कि वे राजनीति में अपने बेटे सिद्धू मूसेवाला की अधूरी लड़ाई को पूरा करने और न्याय की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए आ रहे हैं। उन्होंने कहा, "सिस्टम के अंदर आकर ही हम न्याय की बात मजबूती से कर सकते हैं।"

मुख्यमंत्री पर जमकर साधा निशाना

अपने बयान में बलकौर सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री पर भी तीखा हमला किया। उन्होंने कहा, "मुख्यमंत्री की हर बात झूठी साबित होती है। चुनाव के समय वो कुछ भी कहने लगते हैं ताकि सत्ता में लौट सकें।" उन्होंने गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी के दावे को भी खारिज करते हुए कहा कि उस पर कोई भरोसा नहीं किया जा सकता।

Punjab Election 2027: मूसेवाला की बरसी से पहले किया एलान

बलकौर सिंह ने यह घोषणा सिद्धू मूसेवाला की बरसी से दो दिन पहले की है, जिससे मूसेवाला के समर्थकों में एक नई उम्मीद जगी है। हालांकि, उन्होंने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वे किस राजनीतिक पार्टी से चुनाव लड़ेंगे।

2022 में मूसेवाला भी लड़े थे चुनाव

साल 2022 में खुद सिद्धू मूसेवाला ने कांग्रेस के टिकट पर मानसा सीट से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें आम आदमी पार्टी के विजय सिंगला से हार का सामना करना पड़ा था। मई 2022 में उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसकी जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ गिरोह ने ली थी।

Tags:    

Similar News