Punjab News: पंजाब के व्यापार पर संकट के बादल
भारत-पाकिस्तान के तनाव का पंजाब के सीमावर्ती व्यापार पर गहरा असर, हजारों लोगों की आजीविका खतरे में;
Punjab News: भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते पंजाब के सीमावर्ती व्यापार केंद्र, खासकर अटारी बॉर्डर पर व्यापार प्रभावित हुआ है। इसका असर पंजाब की अर्थव्यवस्था और हजारों लोगों की रोजी-रोटी पर पड़ा है। स्थानीय व्यापारी, ट्रांसपोर्टर, कुली और अन्य हितधारक आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं। राज्य सरकार ने केंद्र से विशेष आर्थिक सहायता की मांग की है।
पंजाब की अर्थव्यवस्था पर मंडराता खतरा
भारत-पाकिस्तान के बीच राजनीतिक तनाव और व्यापार प्रतिबंधों का सीधा असर पंजाब पर देखने को मिल रहा है। खासकर अटारी बॉर्डर के ज़रिए होने वाला व्यापार राज्य के अमृतसर और आस-पास के इलाकों में एक मजबूत आर्थिक ढांचा तैयार करता था। इसमें ट्रांसपोर्टर, मज़दूर, दुकानदार और कई अन्य छोटे व्यापारी शामिल हैं जो इस व्यापार पर निर्भर थे। मौजूदा हालातों ने इनकी आजीविका को संकट में डाल दिया है।
Punjab News: व्यापार पर गंभीर असर, आंकड़े चौंकाने वाले
2016-17 से 2018-19 तक अटारी के ज़रिए पाकिस्तान को स्ट्रॉ रीपर नामक कृषि उपकरण का निर्यात किया जाता रहा, जिसकी संख्या 846 से बढ़कर 1110 यूनिट तक पहुँची थी और जिससे लगभग 1844 लाख से 2488 लाख रुपए तक की आय हुई। लेकिन जब व्यापार पर प्रतिबंध लगे तो यह निर्यात 2019-20 में घटकर मात्र 100 इकाइयों तक रह गया, जिससे आय घटकर केवल 232 लाख रुपए रह गई।
विशेषज्ञों का अनुमान था कि 2020-21 में यह व्यापार सामान्य होता तो करीब 2441 यूनिट्स के निर्यात से 6195 लाख रुपए की कमाई संभव थी। यह साफ दर्शाता है कि यह प्रतिबंध किस हद तक नुकसानदेह साबित हुए हैं।
सीमा पार व्यापार लगभग बंद
पुलवामा आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान से आयातित वस्तुओं पर 200% शुल्क लगा दिया था। इसके बाद अटारी बॉर्डर पर व्यापार पहले ही धीमा हो चुका था। हाल ही में भारत द्वारा अटारी स्थित एकीकृत चेक पोस्ट को बंद करने से भारत-पाकिस्तान के बीच करीब 3886.53 करोड़ रुपए का व्यापार पूरी तरह रुक गया है।
भारत से पाकिस्तान को भेजे जाने वाले उत्पादों में सोयाबीन, पोल्ट्री फीड, मिर्च, प्लास्टिक दाने शामिल हैं, जबकि पाकिस्तान से सूखे मेवे, जड़ी-बूटियां, सीमेंट और नमक का आयात होता रहा है। अटारी की यह 120 एकड़ में फैली भूमि पोर्ट राष्ट्रीय राजमार्ग से सीधे जुड़ी हुई है, जिससे इसका सामरिक और आर्थिक महत्व और भी बढ़ जाता है।
Punjab News: राज्य सरकार ने की विशेष पैकेज की मांग
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने केंद्र सरकार से विशेष आर्थिक राहत पैकेज की मांग की है। उन्होंने कहा कि व्यापार बंद होने से राज्य की अर्थव्यवस्था को गहरा झटका लगा है और सरकार को हस्तक्षेप करना चाहिए। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी इस मांग का समर्थन किया और मुख्यमंत्री से प्रधानमंत्री से मुलाकात कर सहायता की अपील करने को कहा।