Punjab News: पंजाब में जहरीली शराब से मौत का कहर

अमृतसर के मजीठा में जहरीली शराब से 21 की मौत, दर्जनों की हालत गंभीर, सरकार ने दिए मुआवज़े के आदेश;

Update: 2025-05-14 08:49 GMT

Punjab News: पंजाब के अमृतसर ज़िले के मजीठा कस्बे में जहरीली शराब पीने से 21 लोगों की जान चली गई है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है और लोगों का सरकार के प्रति गुस्सा फूटा है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पीड़ित परिवारों को 10 लाख रुपये मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और जांच जारी है।

मजीठा में जहरीली शराब पीने से 21 की मौत, पूरा गांव शोक में डूबा

अमृतसर जिले के मजीठा कस्बे में जहरीली शराब पीने से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में कई घरों के कमाने वाले सदस्य थे, जिससे परिवारों की हालत बदतर हो चुकी है। किसी की मांग उजड़ गई तो किसी ने अपना बेटा या पिता खो दिया। गांवों में मातम और शोक का माहौल है। पीड़ित परिवारों को पड़ोसियों और रिश्तेदारों से सांत्वना मिल रही है लेकिन आंखों से आंसू नहीं थम रहे।

Punjab News: मृतकों में ये लोग शामिल

मरने वालों में गांव मराड़ी कला, पतालपुरी, थरैयावा, भंगाली कला, तलवंडी कुम्मन और करनाला जैसे इलाकों के निवासी शामिल हैं।

नामों की सूची:

  • मेजर सिंह
  • परमजीत सिंह
  • तसबीर सिंह
  • सुखविंदर सिंह
  • सरबजीत सिंह
  • रोमी
  • गंजू राम
  • करनैल सिंह
  • अजीत सिंह
  • जोगिंदर सिंह
  • इकबाल सिंह
  • रमनदीप सिंह
  • रोबिनजीत सिंह
  • बलबीर सिंह
  • राजा
  • अमरपाल सिंह
  • काका
  • गगन
  • सतपाल सिंह
  • जोगिंदर सिंह

इसके अलावा 10 अन्य लोग अस्पताल में भर्ती हैं, जिनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पुलिस ने की कार्रवाई, 10 आरोपी गिरफ्त में

इस मामले में पुलिस ने अब तक 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही डीएसपी अमोलक सिंह और थाना प्रभारी अवतार सिंह को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया गया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम:

  • साहिब सिंह
  • प्रभजीत सिंह
  • कुलबीर सिंह
  • निंदर कौर
  • गुरजंट सिंह
  • अरुण उर्फ काला
  • सिकंदर सिंह उर्फ पप्पू
  • पंकज कुमार उर्फ साहिल
  • अरविंद कुमार (दोनों लुधियाना के साहिल केमिकल्स से जुड़े)

जांच में सामने आया है कि 600 किलो मेथेनॉल ऑनलाइन मंगवाया गया था, जिससे जहरीली शराब तैयार की गई।

Punjab News: मुख्यमंत्री पहुंचे मजीठा, किया मुआवजे का ऐलान

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मंगलवार को मजीठा पहुंचकर पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के परिवारों को 10 लाख रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की। साथ ही बच्चों की पढ़ाई और अन्य ज़रूरतों का ख्याल रखने का वादा किया।

सियासी घमासान भी शुरू

मुख्यमंत्री ने शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस इलाके में ये घटना हुई, वहां खुद मजीठिया के खिलाफ ड्रग्स केस चल रहा है। वहीं मजीठिया ने भी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों की वजह से ही लोग सस्ती और जहरीली शराब पीने को मजबूर हैं। उन्होंने शराब ठेकेदारों और सरकार के बीच साठगांठ का आरोप लगाया।

विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने एक्साइज मंत्री से इस्तीफा मांगा और कहा कि सरकार के दावे खोखले साबित हुए हैं।

Tags:    

Similar News