Jagraon News: लुधियाना के जगरांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय युवक अमनिंदर सिंह ने ससुराल में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। युवक कुछ ही दिन पहले यूके से लौटा था और अपनी पत्नी को लेने गया था। सास-ससुर के तानों से आहत होकर उसने उनकी आंखों के सामने ही जान दे दी। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दर्दनाक घटना: ससुराल में ही निगल लिया ज़हर
जगरांव के कोठे पोना गांव के रहने वाले 23 वर्षीय अमनिंदर सिंह पूनिया ने वीरवार को अपनी पत्नी को लेने के लिए उसके मायके गांव रसूलपुर गया था। वहां उसे सास-ससुर की ओर से अपमानजनक बातें सुननी पड़ीं। इससे आहत होकर उसने सास-ससुर के सामने ही सल्फास की गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
Jagraon News: एक साल भी नहीं चला प्रेम विवाह
अमनिंदर के पिता परमिंदर सिंह के अनुसार, उनका बेटा 24 अप्रैल को यूके से भारत लौटा था। पिछले साल 16 जुलाई को अमनिंदर ने गांव रसूलपुर की एक लड़की से प्रेम विवाह किया था। लड़की के माता-पिता इस शादी से नाराज थे और बाद में बहू अपने मायके चली गई थी।
सास-ससुर के खिलाफ मामला दर्ज, फरार हैं आरोपी
थाना सदर के एसआई सुरजीत सिंह ने बताया कि मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर लखवीर कौर और जगतार सिंह के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा और आगे की जांच शुरू कर दी है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं।
Jagraon News: पिता की पीड़ा: बेटे को बेटी जैसा अपनाया, फिर भी नहीं मिला सम्मान
रोते हुए परमिंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने बहू को हमेशा बेटी की तरह अपनाया और कभी कोई भेदभाव नहीं किया। मगर उनके बेटे को ससुराल में कभी इज्जत नहीं मिली। उन्होंने कहा कि सास-ससुर ने उनके बेटे को मानसिक रूप से इतना परेशान किया कि उसे जीने की बजाय मरने का रास्ता चुनना पड़ा।