
Mizoram News: पूर्वोत्तर में भारी बारिश से तबाही, मिजोरम में भूस्खलन से कई घर ढहे

Mizoram News: पूर्वोत्तर भारत में समय से पहले पहुंचे मानसून ने कहर बरपाया है। मिजोरम के लॉन्ग्टलाई में भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, जिससे पांच घर और एक होटल ढह गए। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। असम में भूस्खलन और जलभराव की वजह से पांच लोगों की जान चली गई है। सिक्किम, त्रिपुरा और मेघालय समेत कई राज्यों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश का अनुमान जताया है।
भारी बारिश से मिजोरम में मची तबाही
पूर्वोत्तर भारत में मानसून की दस्तक के साथ ही बारिश कहर बनकर बरस रही है। मिजोरम के दक्षिणी हिस्से में स्थित लॉन्ग्टलाई शहर में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे भारी भूस्खलन हुआ, जिसमें पांच घर और एक होटल पूरी तरह से ढह गए। यह घटना बाजार वेंग और चांदमारी इलाकों के बीच घटित हुई। मलबे में दबे कई लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।
Mizoram News: होटल में फंसे हो सकते हैं म्यांमार के नागरिक
प्रशासन के अनुसार, होटल में ठहरे म्यांमार के कई नागरिक भी मलबे में फंसे हो सकते हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। यंग लाई एसोसिएशन (वाईएलए) के स्वयंसेवक, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसआरडीएफ), और भारतीय रिजर्व बटालियन की टीमें मौके पर जुटी हुई हैं।
असम में भूस्खलन से पांच की मौत, कई जिले प्रभावित
असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (ASDMA) ने जानकारी दी है कि पिछले 24 घंटों के भीतर कामरूप (मेट्रो) जिले में भूस्खलन के कारण पांच लोगों की जान चली गई, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं। कामरूप, कछार और अन्य जिलों में कुल 10,150 लोग प्रभावित हुए हैं। गुवाहाटी समेत कई शहरी इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
Mizoram News: सिक्किम और त्रिपुरा में नदी का जलस्तर बढ़ा, जनजीवन प्रभावित
सिक्किम में तीस्ता नदी उफान पर है, जिससे कई इलाकों में पानी भर गया है। त्रिपुरा में भी लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए भारी बारिश और 50–60 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है। गुरुवार को तीन जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया था।
अगले एक हफ्ते तक जारी रह सकती है बारिश
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वोत्तर भारत में अगले सात दिनों तक हल्की से मध्यम और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। 1 जून तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश के आसार हैं। 30 मई को मेघालय में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। दक्षिण भारत के केरल, माहे और कर्नाटक में भी 30 मई से 1 जून तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने का अनुमान है।
Chavi Sharma
Chavi Sharma is a senior content writer at Hindustan Reality with over 13 years of experience in content creation, blogging, and digital storytelling. Passionate about accurate and impactful journalism, she now brings her expertise to news writing — covering the latest updates from Himachal Pradesh with clarity and responsibility.