LOC Firing News: LoC पर 9वीं रात भी पाकिस्तान की फायरिंग, भारत ने दिया करारा जवाब

सीमा पर बढ़ा तनाव, भारत ने चेतावनी के बाद दी जवाबी कार्रवाई;

Update: 2025-05-03 08:34 GMT

LOC Firing News: पाकिस्तान ने लगातार नौवीं रात LoC पर संघर्षविराम का उल्लंघन किया। उरी, कुपवाड़ा और अखनूर जैसे संवेदनशील इलाकों में हुई गोलीबारी का भारतीय सेना ने सख्त जवाब दिया। यह घटनाएं उस समय हो रही हैं जब 22 अप्रैल के आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर है।

LOC पर नौवीं रात भी सीजफायर तोड़ने की हिमाकत

जम्मू-कश्मीर की नियंत्रण रेखा (LoC) पर पाकिस्तान की उकसावे वाली कार्रवाइयों का सिलसिला थम नहीं रहा है। बीती नौ रातों से पाकिस्तान की सेना बिना किसी कारण के लगातार गोलीबारी कर रही है। कुपवाड़ा, उरी और अखनूर सेक्टरों में एक बार फिर संघर्षविराम का उल्लंघन किया गया। हालांकि, भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया और पाक रेंजर्स को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।

LOC Firing News: 22 अप्रैल के आतंकी हमले के बाद से तनाव चरम पर

यह घटनाएं ऐसे समय पर सामने आई हैं जब कुछ ही दिन पहले पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान को साफ चेताया था कि अब लगातार हो रहे संघर्षविराम उल्लंघन को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। दोनों देशों के संबंधों में तनाव खुलकर दिखने लगा है।

24 अप्रैल से जारी है गोलीबारी, DGMO स्तर पर हुई बात

भारत और पाकिस्तान के बीच मंगलवार को DGMO स्तर पर हॉटलाइन वार्ता भी हुई, जिसमें LoC पर हो रही गोलीबारी और घुसपैठ की घटनाओं पर गंभीर चर्चा की गई। पाकिस्तान ने 24 अप्रैल की रात से विभिन्न क्षेत्रों में गोलीबारी शुरू की थी, जो अब तक थमी नहीं है। उसी दिन भारत सरकार ने सिंधु जल संधि को निलंबित करने का बड़ा कदम उठाया था।

LOC Firing News: पाकिस्तान की बौखलाहट, जवाब में दी धमकियां

भारत की सख्त नीति के जवाब में पाकिस्तान ने हवाई क्षेत्र को भारतीय विमानों के लिए बंद कर दिया, वाघा बॉर्डर को सील कर दिया और सभी व्यापारिक रिश्ते भी रोक दिए। साथ ही यह चेतावनी दी कि अगर भारत ने सिंधु जल संधि के तहत पाकिस्तान को मिलने वाले पानी को रोका, तो इसे 'युद्ध की कार्रवाई' माना जाएगा।

2003 की संधि फिर सवालों के घेरे में

गौरतलब है कि फरवरी 2021 में दोनों देशों के DGMO ने 2003 की सीजफायर संधि को फिर से लागू करने का ऐलान किया था। लेकिन मौजूदा घटनाएं इस संधि की गंभीरता पर सवाल खड़े कर रही हैं। सीमा पर हालात फिर से खतरनाक मोड़ लेते दिख रहे हैं।

LOC Firing News: भारत-पाक सीमा की संरचना

भारत और पाकिस्तान के बीच कुल 3,323 किलोमीटर लंबी सीमा है, जो तीन प्रमुख हिस्सों में विभाजित है:

  • अंतरराष्ट्रीय सीमा (IB) – लगभग 2,400 किलोमीटर, गुजरात से लेकर जम्मू के अखनूर तक।
  • नियंत्रण रेखा (LoC) – करीब 740 किलोमीटर, जम्मू से लेह तक फैली हुई।
  • वास्तविक जमीनी स्थिति रेखा (AGPL) – सियाचिन क्षेत्र में NJ 9842 से इंदिरा कोल तक 110 किलोमीटर।
Tags:    

Similar News